सोनोवाल ने की पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए कई पहलों की घोषणा

असम, गुवाहाटी : केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने आज पूर्वोत्तर क्षेत्र में जलमार्ग और समुद्री क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए कई पहलों की घोषणा की। सोनोवाल ने घोषणा की कि कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट 2027 तक पूरी तरह से चालू हो जाएगा। कलादान मल्टी-मॉडल ट्रांजिट ट्रांसपोर्ट प्रोजेक्ट भारत म्यांमार मैत्री संधि का परिणाम है। यह भारत के पूर्वोत्तर और म्यांमार के बीच संपर्क बढ़ाने के लिए एक रणनीतिक पहल है। म्यांमार में सित्तवे बंदरगाह का तेजी से निष्पादन इस प्रतिबद्धता का प्रमाण है। आज यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सोनोवाल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले दशक में गुवाहाटी में समुद्री कौशल विकास केंद्र (एमएसडीसी) के साथ-साथ डिब्रूगढ़ में आगामी उत्कृष्टता केंद्र (सीओई) में क्षेत्र के 50,000 युवाओं को समुद्री कौशल में प्रशिक्षित करना है। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने पिछले दो वर्षों में पूर्वोत्तर के अंतर्देशीय जलमार्ग क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं शुरू की हैं, जिनमें से 300 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं और 700 करोड़ रुपये के कार्य इस साल के अंत तक पूरे होने की योजना है। अन्य प्रमुख पहलों में पांडु, जोगीघोपा, धुबरी, बोगीबील, करीमगंज और बदरपुर में स्थायी कार्गो टर्मिनल, साल भर समर्पित ड्रेजिंग, पांडु बंदरगाह के लिए एक नया संपर्क मार्ग, डिब्रूगढ़ में विरासत का जीर्णोद्धार, 299 करोड़ रुपये की लागत से पर्यटक जेटी की शुरुआत और गुवाहाटी और डिब्रूगढ़ में कौशल विकास केंद्र शामिल हैं।उन्होंने आगे बताया कि अन्य प्रमुख पहलों में 2025 तक राष्ट्रीय जल मार्ग2 और 16 पर जर्मनी स्थित कंपनी द्वारा संचालित 100 बजरों की तैनाती शामिल है। साल भर नौवहन सुनिश्चित करने के लिए मंत्रालय ने 610 करोड़ रुपये के निवेश के साथ 10 उभयचर और कटर सेक्शन ड्रेजर तैनात करने की भी योजना बनाई है। सोनोवाल ने स्थानीय संपर्क में सुधार के लिए पूर्वोत्तर में 85 सामुदायिक जेटी विकसित करने की योजना की भी घोषणा की। हम सभी मौसम में नौवहन सुनिश्चित करने के लिए 10 अत्याधुनिक ड्रेजर तैनात करने के लिए 610 करोड़ रुपये का निवेश कर रहे हैं। यह कार्गो आवाजाही को बदल देगा, नए व्यापार मार्ग बनाएगा और असम और पूरे पूर्वोत्तर में आर्थिक संपर्क मजबूत करेगा। पर्यटन और क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा देने के प्रयासों पर प्रकाश डालते हुए सोनोवाल ने बताया कि सिलघाट, नीमाटी, विश्वनाथ घाट और गुइजान में नए पर्यटन और कार्गो जेटी बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। आधुनिक शहरी परिवहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए गुवाहाटी, तेजपुर और डिब्रूगढ़ में जल मेट्रो परियोजनाओं की योजना बनाई गई है, जिसके लिए व्यवहार्यता अध्ययन पहले ही पूरा हो चुका है। सोनोवाल ने कहा कि सरकार पांडु, तेजपुर, विश्वनाथ और बोगीबील में लाइटहाउस भी स्थापित करेगी, जिनमें से प्रत्येक आईएमडी केंद्रों से सुसज्जित होगा, जिसमें सटीक स्थानीय मौसम पूर्वानुमान प्रदान करने के लिए केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय का सहयोग होगा।

Leave a Comment