नई दिल्ली : दिल्ली-एनसीआर के लोगों को बारिश ने तरसा दिया है। मानसून के मौसम में भी दिल्ली से बारिश कोसों दूर है। बरसात न होने के कारण उमस बढ़ गई है, दिन में बाहर निकलने पर लोग पसीना-पसीना हो रहे हैं। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश का अलर्ट जारी किया जा रहा है, हालांकि अलर्ट के बाद भी बारिश नहीं हो रही है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक दिल्ली में आज बादल छाए रहेंगे। मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा 7 से 11 जुलाई तक बारिश हल्की रहेगी। मौसम विभाग के अनुसार बादल लगातार बन रहे हैं, लेकिन स्थानीय कारण बादलों को कमजोर कर देते हैं। राजस्थान में मानसून की जबरदस्त बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। भरतपुर और धौलपुर में तो भीषण बारिश की चेतावनी दी गई है। लोगों को सावधान रहने के लिए कहा गया है। इससे पहले शनिवार को राजस्थान के दौसा, सवाई माधोपुर और शेखावाटी इलाके में बहुत तेज बारिश हुई। येलो अलर्ट वाले जिलों में अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, कोटा, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही, टोंक, उदयपुर, बाड़मेर, चूरू, जालौर, जोधपुर, नागौर और पाली जिले शामिल हैं।