गर्मी और उमस से लोग बेहाल

उत्तर प्रदेश, मेरठ : मानसून आने के बावजूद गर्मी और उमस से मेरठ शहरवासियों को राहत नहीं मिली। सुबह से ही तेज धूप और उमस ने ऐसा असर दिखाया कि लोगों के पसीने छूट गए। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो मानसूनी मौसम में काफी अधिक माना जा रहा है। वहीं गुरुवार को भी सुबह से ही गर्मी और उमस से लोग बेहाल रहे। शहर की सड़कों, बाजारों और घरों में लोग गर्मी से परेशान नजर आए। लगातार बह रही नम हवा और आसमान में बादल होने के बावजूद बारिश नहीं हुई, जिससे उमस और ज्यादा महसूस की गई। मौसम विभाग ने जुलाई की शुरुआत में अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। मानसून की पहली ही बारिश में 137 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो पिछले कई वर्षों की तुलना में अधिक रही है। इसके बाद से मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ डॉ यूपी शाही का कहना है कि अगले कुछ दिनों में फिर से झमाझम बारिश के आसार हैं। लोगों को अब अगले मानसूनी दौर का बेसब्री से इंतजार है, जो उमस से राहत दिला सके।

Leave a Comment