प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फेरबदल

असम, गुवाहाटी : असम सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर प्रशासनिक स्तर पर व्यापक फिर बदल किए हैं। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव के पद पर ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी को स्थानांतरित किया गया है और उन्हें सीमा सुरक्षा एवं विकास, असम समझौते के कार्यान्वयन तथा कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। डॉ. लक्ष्मणन एस को एनएचएम के मिशन निदेशक और गुवाहाटी स्मार्ट सिटी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के रूप में तैनात किया गया है। उनके पास उद्योग और वाणिज्य में सीमित प्रभार बरकरार रहेगा। आदिल खान को आबकारी, अल्पसंख्यक कल्याण, बराक घाटी विकास और सिंचाई विभाग का सचिव बनाया गया है। देव प्रसाद मिश्रा को प्रशासनिक सुधार एवं प्रशिक्षण, पेंशन एवं लोक शिकायत विभाग में स्थानांतरित किया गया है। वे एएएससी में प्रशिक्षण निदेशक के पद भी संभालते रहेंगे। पल्लव गोपाल झा को गुवाहाटी जल बोर्ड के प्रबंध निदेशक का पद अतिरिक्त प्रभार के रूप में दिया गया है। एआईडीसी के प्रबंध निदेशक मेघा निधि दहल अब उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त का पद अतिरिक्त प्रभार के रूप में संभालेंगी। एएसडीएमए की अतिरिक्त सीईओ मीनाक्षी दास नाथ अब असम एकीकृत नदी बेसिन प्रबंधन परियोजना की परियोजना निदेशक का पद भी संभालेंगी। सैयदैन अब्बासी को सिंचाई विभाग के विशेष मुख्य सचिव और नई दिल्ली में स्थानीय प्रतिनिधि के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वे लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी और जल संसाधन विभाग का प्रभार संभालते रहेंगे। राजस्व परिषद के अध्यक्ष कैलाश चंद सामरिया को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा सिंचाई विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव का कार्यभार भी सौंपा गया है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से लौटने पर एल. स्वीटी चांगसन को राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा जनजातीय मामले (मैदानी) विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा उन्हें एएसडीएमए के सीईओ पद पर तैनात किया गया है। बी. कल्याण चक्रवर्ती को कौशल, रोजगार एवं उद्यमिता विभाग एवं मुकेश चौधरी साहू को जनजातीय कार्य (मैदानी) विभाग से मुक्त कर दिया गया है। हालांकि उनकी अन्य भूमिकाएं बरकरार रखी गई हैं।

Leave a Comment